मंगलवार, 18 दिसंबर 2012

सेलिब्रेट करें, क्रिसमस केक के साथ 

दिसम्बर का महीना यानी क्रिसमस और नए साल के जश्न का महीना, जो अपने साथ लेकर आएगा खूब सारी पार्टीज और स्वादिष्ट भोजन की बहार। ख़ुशी के इन पलों को बिना मीठे नही मनाया जा सकता है। तो फिर चलिए, मिलकर कुछ स्वादिष्ट केक रेसिपी पर चर्चा करते है।

चॉकलेट चिप एंड नट केक 

सामग्री :  2 ½ कप मैदा, 3 छोटे चम्मच बेकिंग पाउडर, 1 छोटा चम्मच बेकिंग सोडा, 1/4 छोटा चम्मच नमक, 1 कप मक्खन, 1 कप चीनी, 3 अंडे, 1 कप कटे हुए मेवें (विशेष रूप से अखरोट), 2 छोटे चम्मच सौर क्रीम, 1 कप चॉकलेट चिप्स, 1 कप वैनिला, 1/2 कप ब्राउन शुगर, 2 छोटे चम्मच दालचीनी

कैसे बनाएं : ओवन के तापमान को 350 डिग्री पर सेट कर, उसे गर्म कर ले। पेन पर अच्छे से मक्खन की परत लगा ले। अब बेकिंग सोडा, बेकिंग पाउडर और नमक को मैदे में मिला ले। इसी मिश्रण में मेवों को मिला दें। दूसरे बर्तन में मक्खन, चीनी और अण्डों एक साथ फेंट लें। इसी मिश्रण में सौर क्रीम और वैनिला को भी मिला ले। अब दोनों मिश्रण को एक साथ मिला दे। 1/2 कप चॉकलेट चिप्स, ब्राउन शुगर और दालचीनी को मिक्स कर दे। अब आधे मिश्रण को मक्खन लगे पेन में फैलाएं और उस पर चॉकलेट चिप्स वाले मिश्रण की एक परत फैला दे। अब बाकि बचे मिश्रण को अच्छे से फैला दे। अंत में चॉकलेट चिप्स को ऊपर से डाल दे। गर्म ओवन में इसे 20 मिनट तक बेक करें। समय पूरा होने पर इसे ओवन से बाहर निकाल दे और 5 मिनट के लिए ठंडा होने दे। केक को पेन से निकले और गर्मागर्म सर्व करें।

सेब दालचीनी मफिन्स

सामग्री: 2 सेब, 1 कप मैदा, 1/2 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर, 1/2 छोटा चम्मच बेकिंग सोडा, 1 कप मक्खन, 1 कप पीसी हुई चीनी, 1 छोटा चम्मच दालचीनी पाउडर, 1/2 छोटा चम्मच वैनिला एसेंस, 1/2 कप कटे हुए अखरोट, 2 से 3 बड़े चम्मच दूध, मफिन मोल्ड को ग्रीस करने के लिए थोडा सा मक्खन

कैसे बनाएं : ओवन के तापमान को 200 डिग्री पर सेट कर, उसे गर्म कर ले। मफिन मोल्ड्स पर मक्खन लगा ले। सेब को छोटे टुकड़ों में काट कर अलग रख ले। मैदे में बेकिंग सोडा और पाउडर मिला ले। एक बर्तन में मक्खन ले और उसे तब तक फेंटे जब तक मक्खन मुलायम न हो जाये। अब इसमें पीसी हुई चीनी को अच्छे से मिला दे। अब इसी में कटे हुए सेब, दालचीनी और वैनिला एसेंस को भी मिला दे। अब थोडा-थोडा कर इसमें मैदा और अखरोट को भी मिलाये।
अब हर मोल्ड में 2 चम्मच मिश्रण को डालकर इसे ओवन में 20-25 मिनट के लिए रख दे। समय पूरा होने पर मफिन्स को बाहर निकल ले और सर्व करें।

ऐगलेस कंडेंस्ड मिल्क वैनिला केक

सामग्री: 140 ग्राम मैदा, 1½ छोटे चम्मच बेकिंग पाउडर, 1/2 छोटा चम्मच सोडा, 200 ग्राम  कंडेंस्ड मिल्क,60 ग्राम पिघला मक्खन, 1 छोटा चम्मच वैनिला एसेंस

कैसे बनाएं : मैदा, बेकिंग पाउडर और सोडा को मिला ले। अब एक अलग बर्तन में कंडेंस्ड मिल्क, पिघला मक्खन, वैनिला एसेंस, 75 मिलीलीटर पानी को अच्छे से मिलाएं। अब दोनों  मिश्रणों को एक साथ मिला ले। मिश्रण को मक्खन लगे पेन में डाले और 200 डिग्री पर ओवन में 10 मिनट के लिए बेक करें। 10 मिनट बाद तापमान 150 डिग्री कर दे और 15 मिनट तक बेक करें।
तैयार केक को गर्मागर्म सर्व करें।

मंगलवार, 11 दिसंबर 2012

रहें फिट डांस योग के साथ 

डांस योग के साथ आप स्वस्थ तन और मन की प्राप्ति कर सकते है। या यूँ भी कह सकते है कि डांस योग, नाचने के आनंद और योग के लाभ का एक परफेक्ट मिश्रण है। नाचते समय हम भावनाओं को व्यक्त करते है और योग हमारे तन-मन को स्वस्थ रखने में मदद करता है। इसलिए डांस योग को करते समय आप बोर नहीं होते है बल्कि आपको इसे करते हुए और भी आनंद मिलता है। यह एक तरफ एरोबिक है तो दूसरी तरफ रिलैक्सिंग भी।

योग का बढ़ता प्रचलन :

विश्व भर में योग और उससे मिलने वाले लाभों की चर्चा का बाज़ार गर्म है। सभी जानते है कि यदि आप आसनों को सही तकनीक से करें तो उससे केवल लाभ ही मिलेगा। साथ ही योग में उम्र की कोई सीमा नही है। कोई भी उम्र का व्यक्ति संगीत की धुनों पर इस योग को कर सकता है। डांस योग शक्ति के साथ-साथ शरीर में लचीलापन लाने में भी मदद करता है।

ताल मिलाते आसन :

डांस योग में नृत्य की कुछ मुद्राएं होती है। ये मुद्राएं आपके ऑरा और प्राण शक्ति (जीवन शक्ति ) को मजबूती देते है। इससे आपके भीतर सकारात्मक शक्ति का संचार होता है। इसमें जिन नृत्य मुद्राओं को लिया जाता है उसका सम्बन्ध कत्थक शैली से है। नृत्य की ये मुद्राएँ बहुत ही सरल है और कोई भी उम्र का व्यक्ति इसे आसानी से कर सकता है। डांस योग के लिए विशेष प्रकार के संगीत को तैयार किया गया है। प्राणायाम, संगीत सम्बन्धी आसन, योग निद्रा और मन्त्रों द्वारा किये जाने वाले ध्यान को मिला कर इस प्रोग्राम को बनाया गया है।

डांस योग करने से शरीर की आंतरिक शक्ति का विकास होता है। यदि शरीर की आंतरिक शक्ति मजबूत होगी तो आपका हृदय भी स्वस्थ रहता है। ऐसा माना जाता है कि डांस योग करने से तनाव, अवसाद, अनिद्रा, एलर्जी, मोटापा, हृदय सम्बन्धी समस्याओं से निजात पाने में मदद मिलती है।

आनंदमयी डांस योग का लाभ उठाएं और मनोरंजन के साथ स्वस्थ शरीर भी पाएं. 

बुधवार, 5 दिसंबर 2012

चुनें सही परफ्यूम 

यदि आपको किसी महिला मित्र को कोई गिफ्ट देना हैं तो आप सबसे पहले किस विकल्प को चुनेंगे? जी हाँ, ज्यादातर लोग परफ्यूम्स को ही प्राथमिकता देंगे। लेकिन अब परफ्यूम्स का सम्बन्ध केवल महिलाओं से नहीं रह गया है बल्कि पुरुषों  ने भी अब इससे महत्त्व देना शुरू कर दिया है। इतना होने के बावजूद भी हम अक्सर परफ्यूम खरीदते समय गलतियाँ कर देते हैं। आइए, जानने का प्रयास करते है कि कैसे आप परफेक्ट परफ्यूम का चुनाव करें। 

परफ्यूम किसी भी व्यक्ति के व्यक्तित्व को उभारने में मदद करते है। सरल भाषा में कहें तो ये आपकी पर्सनालिटी में चार चाँद लगाते है। वैसे तो परफ्यूम्स कई खुशबुओं या प्रकारों में होते हैं। मगर इसके मुख्य प्रकार है : फ्लोरल, वुडी, स्पाइसी, ओरिएंटल, ग्रीन, आदि। 

कैसे करें चुनाव :
  • सबसे पहले प्राथमिकता दे अपनी पसंद को। आपको जिस तरह की खुशबू पसंद है, उसी के अनुसार अपने परफ्यूम का चुनाव करे।
  • ऐसी खुशबू को चुनने जो आपके व्यक्तित्व को दर्शाती हो। जैसे यदि आप दोस्तों के साथ बाहर जा रहे है तो आप इस अवसर के लिए तेज खुशबू वाले परफ्यूम को चुन सकते है। 
  • सबसे जरुरी बात, हमेशा परफ्यूम को खरीदते समय उसे अपनी स्किन पर टेस्ट अवश्य कर ले। याद रहें, हम सभी की स्किन की एक नेचुरल महक होती है। जब प्रयोग किये गए परफ्यूम की खुशबू, आपकी स्किन की नेचुरल खुशबू से मिलती है तब उस परफ्यूम की असल महक थोड़ी सी बदल जाती है। इसलिए ये बिल्कुल भी जरुरी नहीं है कि जो परफ्यूम आपकी दोस्त पर अच्छी लगती है वह आप पर भी अच्छी लगेगी।
  • परफ्यूम हमेशा किसी अच्छी जगह से ही ख़रीदे। साथ ही पसंद आने वाले परफ्यूम के फॅमिली के अन्य परफ्यूम पर भी एक नजर डाल ले। 
  • इन सब बातों के अलावा अपने बजट का भी ध्यान रखें। 
एक ज़माना था जब लोग केवल एक ही खुशबू के परफ्यूम को अपना लेते थे। मगर आज स्थिति कुछ और ही है। आज आप अवसर और जरुरत के अनुसार अपने परफ्यूम में बदलाव ला सकते है। तो अगली बार जब भी परफ्यूम खरीदने के लिए जाएँ तब इन बातों को अवश्य ध्यान में रखे और अपने लिए बेस्ट परफ्यूम का चुनाव करें।